प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को विंध्य क्षेत्र के रीवा में पंचायती राज सम्मेलन को संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में PM मोदी 17,000 करोड़ की लागत वाली परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। साथ ही 7853 करोड़ के कार्यों का शुभारंभ भी करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने मध्यप्रदेश के सौभाग्य सूर्य का फिर उदय होना बताया है। CM शिवराज ने सोमवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि हमारे प्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एक बार फिर अनेकों सौग़ात लेकर मध्यप्रदेश की धरा पर पधार रहे हैं। प्रधानमंत्री जी का मध्यप्रदेश की धरती पर बहुत-बहुत स्वागत है।”
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने बताया कि समारोह में प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री आवास योजना के 4 लाख हितग्राहियों को वर्चुअल माध्यम से गृह प्रवेश करायेंगे, तथा 4 समूह नल जल योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री लाभार्थियों को लगभग 35 लाख स्वामित्व संपत्ति कार्ड सौंपेंगे। इन कार्ड को सौंपने के साथ ही देश में स्वामित्व योजना में लगभग 1 करोड़ 25 लाख संपत्ति कार्ड वितरित किए जा चुके होंगे।
प्रधानमंत्री मोदी 24 अप्रैल की सुबह 11.30 बजे मुख्य कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। वे 11.50 बजे पीएम मंच पर पहुंचेंगे। दोपहर 12.10 बजे पंचायत स्तर पर सार्वजनिक खरीद के लिए एकीकृत ई-ग्राम स्वराज और जीईएम पोर्टल का शुभारंभ किया जाएगा। दोपहर 12.32 बजे से प्रधानमंत्री का उद्बोधन होगा।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह, केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, केन्द्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री कपिल मोरेश्वर पाटील, केन्द्रीय जल-शक्ति एवं खाद्य प्र-संस्करण राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, केन्द्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, मध्यप्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिसाहूलाल सिंह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री रामखेलावन पटेल और रीवा सांसद जनार्दन मिश्र उपस्थित रहेंगे।