मध्यप्रदेश के सीधी में आदिवासी पर पेशाब करने के मामले में गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज चौहान पीड़ित पक्ष से मुलाक़ात करेंगे। भोपाल में सीएम हाउस में पीड़ित और उसके परिवार से यह मुलाक़ात होगी। मुख्यमंत्री शिवराज ने स्वयं ये जानकारी शेयर की है।

मुख्यमंत्री शिवराज ने सोशल मीडिया पर लिखा कि जबसे मैंने सीधी की घटना का वीडियो देखा, अंतर्मन अत्यधिक व्याकुल और हृदय पीड़ा से भरा हुआ है। 
मैं तबसे ही दशमत जी से मिलकर उनका दुःख बांटना चाहता था और यह विश्वास भी दिलाना चाहता था कि उनको न्याय मिलेगा। उनसे और उनके परिवार से भोपाल में अपने निवास पर मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करने के साथ परिवार को ढांढस बंधाऊंगा।

इससे पहले आरोपी भाजपा कार्यकर्ता प्रवेश शुक्ला को मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। उस पर एनएसए लगाया गया है। वही मामले की जांच के लिए BJP ने जांच कमेटी भी बनाई है। आरोपी BJP कार्यकर्ता प्रवेश शुक्ला के घर पर बुलडोजर चलाया गया है।

गौरतलब है कि मध्यप्रदेश के सीधी जिले से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। जिसमें एक शख्स सीढ़ियों पर बैठे दूसरे शख्स पर पेशाब करता नजर आ रहा है। वीडियो में कथित तौर पर आदिवासी युवक पर पेशाब करने वाला शख्स बीजेपी नेता प्रवेश शुक्ला है। प्रवेश शुक्ला को लेकर देशभर के लोगों में काफी गुस्सा है।