CM यादव ने PM मोदी से मुलाकात की, दुबई-स्पेन निवेश यात्रा की दी जानकारी


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

सीएम ने प्रधानमंत्री को "विरासत से विकास की राह" पुस्तिका भेंट की, जिसमें राज्य की प्रगति का विवरण दिया गया है, इस पुस्तिका में अर्थव्यवस्था, औद्योगीकरण, गरीबी उन्मूलन और आदिवासी कल्याण जैसे क्षेत्रों में मध्य प्रदेश की उपलब्धियों का उल्लेख..!!

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार 31 जुलाई को संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान, सीएम ने प्रधानमंत्री को राज्य की प्रगति और उपलब्धियों पर केंद्रित एक विशेष पुस्तिका "विरासत से विकास की राह" भेंट की और राज्य की विकास यात्रा का विवरण साझा किया। मुख्यमंत्री ने पुष्पगुच्छ भेंट कर प्रधानमंत्री का अभिवादन किया।

सीएम डॉ. मोहन यादव द्वारा भेंट की गई पुस्तिका में मध्य प्रदेश की प्रमुख उपलब्धियों जैसे अर्थव्यवस्था, औद्योगिक विकास, गरीबी उन्मूलन, आदिवासी कल्याण, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुशासन, बुनियादी ढाँचा, शहरी विकास, पर्यटन और सांस्कृतिक संरक्षण का विवरण है। इस पुस्तिका के माध्यम से प्रधानमंत्री को पिछले कुछ वर्षों में राज्य के समग्र विकास और नीतिगत नवाचारों की जानकारी दी गई।

सीएम यादव ने प्रधानमंत्री को हाल ही में संपन्न दुबई और स्पेन की औद्योगिक निवेश यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस यात्रा के दौरान मध्य प्रदेश में उद्योगों और विदेशी पूंजी निवेश के नए अवसर सामने आए हैं।

सीएम यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और सहयोग से ही मध्य प्रदेश हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। हमारा राज्य 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में अपना पूर्ण योगदान देगा।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संसद भवन में केंद्रीय गृह मंत्री एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से भी शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सहकारी योजनाओं, आंतरिक सुरक्षा और कृषि आधारित विकास के मुद्दों पर चर्चा भी की।

Image