MP में गहराया कमर्शियल सिलेंडर क्राइसेस, होटल-रेस्टॉरेंट कारोबार में इमरजेंसी से हाल


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

सबसे ज्यादा संकट होटल-रेस्टॉरेंट इंडस्ट्रीज पर आया है, वहीं, जिन घरों में शादी है, वे टेंशन में हैं, कैटरर्स का कहना है कि ये इमरजेंसी जैसी स्थिति है, जिन घरों में शादी है, वे कैसे होंगी..अकेले भोपाल में ही 20 दिन में एक हजार से ज्यादा शादियां हैं..!!

ईरान-इजराइल युद्ध के असर से मध्य प्रदेश में 2 दिन से कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई ठप है। इस वजह से सबसे ज्यादा संकट होटल-रेस्टॉरेंट इंडस्ट्रीज पर आया है। वहीं, जिन घरों में शादी है, वे टेंशन में हैं। कैटरर्स का कहना है कि ये इमरजेंसी जैसी स्थिति है। जिन घरों में शादी है, वे कैसे होंगी? अकेले भोपाल में ही 20 दिन में एक हजार से ज्यादा शादियां हैं।

होटल, रेस्टॉरेंट कारोबार और शादियों के अलावा सोना-चांदी आभूषण बनाने वाले कारीगरों और रेहड़ी पर भी संकट खड़ा हो गया है। भोपाल सराफा एसोसिएशन के नवनीत अग्रवाल ने बताया कि शहर में करीब 3 हजार कारीगर काम करते हैं। हर कारीगर को महीने में औसतन 3 सिलेंडर की जरूरत होती है। इस हिसाब से सराफा कारोबार में महीने भर में करीब 9 हजार सिलेंडर इस्तेमाल होते हैं, यानी रोजाना लगभग 300 सिलेंडर की जरूरत पड़ती है।

छिंदवाड़ा में घरेलू गैस उपलब्ध, लेकिन कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई बंद

छिंदवाड़ा में फिलहाल सभी गैस एजेंसियों पर घरेलू सिलेंडर उपलब्ध हैं, लेकिन नई बुकिंग अब 25 दिन बाद ही की जा सकेगी। इसके बाद सिलेंडर की डिलीवरी में करीब 5 दिन लगेंगे, यानी उपभोक्ताओं को कुल 30 दिन बाद सिलेंडर मिलेगा।

वहीं एजेंसी संचालकों के मुताबिक कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई बंद हो गई है। जो सिलेंडर पहले से स्टॉक में हैं, उन्हें सरकारी उपयोग के लिए भेजा जा रहा है। फिलहाल होटल, ढाबों और शादियों के लिए कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध नहीं हैं।