कांग्रेस के पूर्व मंत्री राजा पटेरिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। राजा पटेरिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विवादित टिप्पणी की थी। पटेरिया को मध्य प्रदेश के दमोह के हट्टा से सुबह करीब साढ़े पांच बजे गिरफ्तार किया गया। एमपी के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पटेरिया के बयान पर कड़ा विरोध जताते हुए उनकी गिरफ्तारी के आदेश दिए थे। इसके बाद एक्शन लेते हुए उनकी गिरफ्तारी की गई है।
हाल ही में राजा पटेरिया का एक वीडियो सामने आया था। जिसमें वे कथित तौर पर 'पीएम मोदी की हत्या करने' की बात करते नजर आ रहे थे। हालांकि पटेरिया बाद में अपने बयान से मुकर गए थे। उन्होंने कहा कि वह अगले चुनाव में मोदी को हराने की बात कर रहे थे। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि वे प्रवाह में बोलते चले गए थे।
सामने आए कथित वीडियो में राजा पटेरिया कुछ कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे हैं। वीडियो में वे कहते दिखाई दे रहे हैं, कि मोदी चुनाव खत्म कर देगा, मोदी धर्म, जाति, भाषा के आधार पर बांट देगा, दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों का जीवन खतरे में है, अगर संविधान को बचाना है तो मोदी की हत्या के लिए तैयार रहें। हालांकि, बाद में वे ये कहते नज़र आए कि हत्या का तात्पर्य हार से है।
वीडियो वायरल होने के बाद राजा पटेरिया ये सफाई देते भी नज़र आए कि वे आने वाले चुनाव में बीजेपी को हराना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ये प्रवाह में हुआ। लेकिन इस वीडियो को रिकॉर्ड करने वाले ने केवल उसी हिस्से को उठा लिया। राजा पटेरिया ने इस बात का भी दावा किया कि ये वीडियो को एडिटेड है। मेरा ऐसा मतलब नहीं था। मेरे बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है।