कांग्रेस नेता संघवी और दरबार भाजपा में शामिल


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने अंतर सिंह दरबार को टिकट नहीं दिया था..!!

भोपाल: आज भाजपा ने कांग्रेस को एक और झटका दिया, जब इंदौर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता पंकज संघवी भाजपा में शामिल हो गए। महू से विधायक रहे पूर्व कांग्रेस नेता अंतर सिंह दरबार ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। यह दोनों नेता अपने सैकड़ों समर्थकों से साथ भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पहुंचे। 

भाजपा प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी, प्रदेश अध्यक्ष वी. डी. शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितान्नद शर्मा, प्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और  न्यू ज्वॉइनिंग टोली के प्रदेश संयोजक डॉ. नरोत्तम मिश्रा की उपस्थित रहे।

कांग्रेस के पूर्व विधायक अंतरसिंह दरबार, कांग्रेस नेता पंकज सिंघवी, बसंत चौरसिया, मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजिविका मिशन की प्रदेश महासचिव डॉ. अन्नपूर्णा शर्मा, धामनौद नगरपालिका अध्यक्ष सीमा विष्णु पाटीदार, मऊगंज नगरपरिषद अध्यक्ष ब्रजवासी पटेल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय त्रिपाठी, हनुमना नगरपरिषद अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता, उपाध्यक्ष शरदजय गुप्ता, टीकमगढ़ कांग्रेस जिला संगठन मंत्री अनिल बडकुल, जनपद उपाध्यक्ष ललित अहिरवार के साथ सैंकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित विकास कार्यों से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

इस मौके पर बोलते हुए प्रदेश भजेपी अध्यक्ष वी. डी. शर्मा ने कहा,

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विश्वसनीयता और लोकप्रियता न केवल भारत में बल्कि पूरे विश्व में है। 2047 तक भारत को विश्व गुरु बनाने की मोदी जी की गारंटी को पूरा करने के लिए लोग लगातार जुड़ रहे हैं और यह कारवां इसी तरह आगे बढ़ता रहेगा।

गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने अंतर सिंह दरबार को टिकट नहीं दिया था। इस पर उन्होंने पार्टी से बगावत करते हुए निर्दलीय चुनाव लड़ा था।