केरलम में बढ़ी कांग्रेस की उलझन, दस दिन बाद भी सीएम नाम पर सस्पेंस


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

राहुल गांधी एक्टिव हैं, 12 मई की रात तीन बजे तक मल्लिकार्जुन खड़गे के घर मीटिंग चली, फिर भी नाम फाइनल नहीं कर पाए, केरलम के साथ ही 4 मई को पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी के चुनाव नतीजे आए थे..!!

चुनाव नतीजे आने के दस दिन बाद भी कांग्रेस केरलम में सीएम तय नहीं कर पाई। राहुल गांधी एक्टिव हैं, 12 मई की रात तीन बजे तक मल्लिकार्जुन खड़गे के घर मीटिंग चली, फिर भी नाम फाइनल नहीं कर पाए। केरलम के साथ ही 4 मई को पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी के चुनाव नतीजे आए थे। चारों राज्यों में नए उट की शपथ हो गई, लेकिन केरलम को अब तक सीएम नहीं मिला।

पार्टी नेता जयराम रमेश के मुताबिक, 14 मई को सीएम के नाम का ऐलान होगा। राहुल के भरोसेमंद केसी वेणुगोपाल, राज्य में कांग्रेस के सबसे बड़े लीडर वीडी सतीशन और पार्टी के सबसे अनुभवी रमेश चेन्नीथला दावेदार हैं। बीते 5 दिन से सीएम तय करने के लिए मीटिंग चल रही हैं। इस उलझन में केरलम में पार्टी टूटने की हालत हो गई।

सोर्स बताते हैं कि हाईकमान केसी वेणुगोपाल को सीएम  बनाना चाहता है, सतीशन और रमेश चेन्नीथला इसके विरोध में हैं। कांग्रेस समर्थक सतीशन के साथ हैं, लेकिन विधायकों का समर्थन वेणुगोपाल को हासिल है। वहीं, पार्टी ने 2011 में रमेश से वादा किया था कि उन्हें आगे बड़ा पद मिलेगा। हो सकता है कि दो बड़े दावेदारों की लड़ाई में वे बाजी मार ले जाएं।

बताया ज रहा है कि केरलम का सीएम तय करने के लिए 12 मई की देर रात करीब 3 बजे तक मल्लिकार्जुन खड़गे के घर मीटिंग हुई। राहुल गांधी 3 दिन से केरलम के कांग्रेस नेताओं, समर्थकों, दावेदारों और सहयोगी पार्टियों से बात कर रहे हैं। फिर भी मामला फंसा हुआ है। 

आखिरी फैसला राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ही करेंगे। वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी नेताओं से बात कर रही हैं। केरलम कांग्रेस के कुछ नेताओं ने उनसे अलग से मुलाकात की है। सिर्फ विधायकों की संख्या के आधार पर फैसला करना होता, तो नतीजों के बाद 2 दिन में ही सीएम चुन लेते। हाईकमान विधायकों, पार्टी के नेताओं और समर्थकों की राय जानने की कोशिश कर रहा है।