देश आज़ादी के अमृत उत्सव मनाने की खुशियों में डूबा था और वहां मध्यप्रदेश के धार ज़िले में स्थित कारम डैम पर संकटों के बादल छा गए थे। स्वतंत्रता दिवस से ठीक एक दिन पहले अचानक से कारम डैम पर छाए संकट ने विकट रूप ले लिया। देखते ही देखते बांध का लीकेज विकराल रूप धारण कर चुका था।

साइड से चेंबर बनाकर पानी निकालने की तरकीब काम कर गई। फिर क्या था..! कठिन प्रयासों की मेंहनत का फल, अमृत उत्सव में दोगुना हो गया। आजादी का यह 75वां स्वतंत्रता दिवस बड़ी ही धूमधाम के साथ मंत्री तुलसी सिलावट और अधिकारियों ने कारम डैम पर मनाया।

11 अगस्त से कड़ी परिस्थितियों के बीच प्रयासों में जुड़ा प्रशासनिक अमला आज सफलता पाकर मंत्री तुलसी सिलावट के साथ स्वतंत्रता दिवस पर बांध के पास तिरंगा फहराकर अपने घर के लिए निकला।

करीब 11 अगस्त से बांध में हुए लीकेज से 18 गांवों में डर का माहौल था। बांध के हालातों को देखते हुए शिवराज सरकार उसी दिन से प्रयासों में जुट गई। सबसे पहले प्रशासन ने गांवों को ख़ाली कराया, लोगों को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर पंहुचा दिया गया था।

14 अगस्त के दिन जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट और मंत्री राजवर्धन सिंह से लेकर प्रशासनिक अमला तक जी जान लगाकर बांध से पानी कम करने के लिए साइड से चेंबर बनाने के प्रयासों में जुड़ा था। तभी शाम के समय अचानक से चेंबर के साइड से एक हिस्सा ढह गया और बांध ने विकट रूप ले लिया। लेकिन पहले से ही हर संकट से निपटने की तैयारी पूरी थी।

बांध के विकट रूप को देख सभी की चिंताए ज़रूर बढ़ी, लेकिन साथ ही साथ पानी का लेवल डाउन होते देख चिंताओं के बादल भी कम होने लगे थे। आख़िरकार डैम के साइड से चेंबर बनाकर पानी निकालने की तरकीब काम कर गई और देर रात तक खतरा लगभग टल सा गया था।

"डैम में 15 एमसीएम पानी था, जिसमें से 11 एमसीएम पानी निकल चुका है. डैम में अब केवल निचले स्तर पर पानी है. पानी का फ्लो भी काफी कम हो गया है. एबी रोड पर ट्रैफिक शुरू कर दिया गया है."

आजादी के इस मौके पर शिवराज सरकार भी संकट टालने में अहम भूमिका निभाने वाले जवानों को 2-2 लाख की सम्मान राशि देकर सम्मानित करेगी। साथ ही ख़ुशी के इस मौके पर सीएम शिवराज ने कहा कि मेरे भाइयों-बहनों, प्रशासन के साथ मिलकर गांव में जाने की योजना बना लीजिए और आजादी के 75वें अमृत वर्ष में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से अपने गांव में मनाइये।