भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल मेंं मगरमच्छ आतंक मचा रहे हैं। हाल ये है कि मगरमच्छ नेहरू नगर तक पहुंच रहे हैं। नेहरू नगर की पुरानी सब्जी मंडी में एक मगरमच्छ को पकड़ा भी जा चुका है. इस क्षेत्र में और मगरमच्छ होने की आशंका से लोग परेशान हैं और डरे-सहमे भी हैं। यह इलाका भदभदा से लगा हुआ है, जहां पहले भी मगरमच्छ डेम से बाहर निकल चुके हैं।
मंगलवार रात को कलियासोत डेम से दो मगरमच्छ बाहर निकल आए थे. मगरमच्छ को देखते ही पुलिस ने यहां से टूरिस्टों को हटा दिया. इधर नेहरू नगर में मगरमच्छों का आतंक पसर रहा है. नेहरू नगर क्षेत्र में पुरानी सब्जी मंडी में दाखिल हुए एक मगरमच्छ को 18 व 19 जुलाई की मध्य रात्रि में पकड़ लिया गया था। उसे वन विहार में छोड़ा गया।
इसके अलावा राजधानी के ही मेंडोरी गांव में भी इन दिनों मगरमच्छ से हड़कंप मचा हुआ है। मेंडोरी गांव के पास तालाब से बाहर मगरमच्छ देखे जा रहे हैं. इनको पकड़ने की पांच दिन से कोशिशें चल रही है।. मंगलवार देर रात तक मगरमच्छ को पकड़ने की कोशिश की गई लेकिन यह विफल रही।
दरअसल भोपाल के कलियासोत व भदभदा डेम के साथ ही बड़े तालाब क्षेत्र में भी अच्छी खासी संख्या में मगरमच्छ हैं। मई व जून माह में हुए सर्वे में भदभदा क्षेत्र में 20 मगरमच्छ मिले थे। जून के आखिरी सप्ताह में यहां मगरमच्छ के बच्चों को भी देखा गया था। अब तेज वर्षा में ये रहवासी क्षेत्रों के आसपास भी देखे जा रहे हैं।