UPSC टॉपर और राजस्थान के जैसलमेर की कलेक्टर टीना डाबी के नाम से साइबर ठगी के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोपी ने टीना डाबी की फोटो लगाकर व्हाट्सएप के जरिए राज्य सरकार की अधिकारी से अमेज़न गिफ्ट कार्ड मांगा था।
दरअसल, जैसलमेर जिला कलेक्टर टीना डाबी के नाम से फेक नम्बर 8320082043 पर टीना डाबी का फोटो डीपी के रूप में लगाकर ठगी का प्रयास किया गया। इसी नंबर से UIT सचिव सुनीता चौधरी को मैसेज किया गया। उनसे अमेज़न गिफ्ट कार्ड के बारे में पूछा गया। हालांकि सुनीता चौधरी की सजगता ने फ्रॉड के इरादों को नेस्तनाबूत कर दिया।
मेसेज की लेंग्वेज को भांपते हुए चौधरी ने अमेजॉन इस्तेमाल नहीं करने की बात कही और उसके बाद इस संबंध में जब कलेक्टर को सचिव ने फोन किया तो जिसका उन्हें संदेह था वही हुआ। टीना डाबी ने कहा कि- मैंने ऐसा कोई मैसेज नहीं किया है। इस जवाब के साथ ही साइबर ठगी की आशंका सामने आई।
पुलिस ने मामले के आरोपी को डूंगरपुर से गिरफ्तार कर लिया है। ऐसा उस महिला अधिकारी की सूझबूझ के कारण हो सका जिसके चलते वो ठगी का शिकार होने से बाल-बाल बच गईं।