बांध का निरीक्षण करने पहुंचे दमोह सांसद पर मधुमक्खियों का हमला, नेता और अफसरों में मची भगदड़


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

सीता नगर जल परियोजना का निरीक्षण करने पहुंचे सांसद राहुल सिंह पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। मिली जानकारी के मुताबिक मधुमक्खियों ने सांसद के काफिले में शामिल जनप्रतिनिधियों, सुरक्षाकर्मियों, स्थानीय लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों को भी निशाना बनाया..!!

भाजपा सांसद राहुल सिंह अपने क्षेत्र में एक परियोजना का निरीक्षण करने जा रहे थे। लेकिन इस दौरान उन पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इसके बाद भाजपा नेताओं में भगदड़ मच गई। करीब 12 लोग घायल हो गए हैं।

सीता नगर जल परियोजना का निरीक्षण करने पहुंचे सांसद राहुल सिंह पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। मिली जानकारी के मुताबिक मधुमक्खियों ने सांसद के काफिले में शामिल जनप्रतिनिधियों, सुरक्षाकर्मियों, स्थानीय लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों को भी निशाना बनाया। मधुमक्खियों के हमला करते ही निरीक्षण के लिए आई सांसद की टीम में शामिल लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने चिल्ला-चिल्लाकर किसी तरह खुद को बचाया। कुछ देर तक तो कोई समझ ही नहीं पाया कि अचानक ये सब कैसे हो गया?

हालांकि, जो वीडियो सामने आया है, उसमें साफ देखा जा सकता है कि कैसे लोग समूह बनाकर मधुमक्खियों से खुद को बचा रहे हैं। कुछ लोग अपने सिर को तौलिए से ढक रहे हैं। जबकि कुछ बंद गाड़ियों में बैठकर खुद को बचा रहे हैं।

इस बीच, मधुमक्खियों ने सांसद को भी काट लिया। हालांकि, राहत की बात यह है कि किसी को भी गंभीर चोटें नहीं आई हैं। सभी की हालत सामान्य है। सांसद को भी मधुमक्खियों ने हल्का सा काटा है। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे और जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव पटेल भी मौजूद थे। वे भी मधुमक्खियों के हमले से प्रभावित हुए।