जंग का 22वां दिन, ईरान ने किया जीत का दावा, नाटो पर भड़के ट्रंप


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

खामेनेई ने कहा कि मुझे लगा था कि कुछ दिनों के हमलों के बाद देश में डर और निराशा फैल जाएगी और लोग सरकार के खिलाफ खड़े हो जाएंगे, लेकिन यह मैं बड़ा गलत आकलन था। खामेनेई के मुताबिक, इसके उलट देश में अलग-अलग विचारधाराओं और मतभेदों के बावजूद एकजुटता देखने को मिली है..!!

ईरान के साथ अमेरिका और इजराइल की जंग का आज 22 वां दिन है।  जंग के बीच ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई ने कहा है कि अमेरिका और इजराइल के साथ जारी जंग में दुश्मन की हार हुई है। नौरोज के मौके पर जारी लिखित संदेश में खामेनेई ने कहा कि दुश्मन देशों को उम्मीद थी कि हमलों के बाद ईरानी जनता सरकार के खिलाफ खड़ी हो जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

खामेनेई ने कहा कि मुझे लगा था कि कुछ दिनों के हमलों के बाद देश में डर और निराशा फैल जाएगी और लोग सरकार के खिलाफ खड़े हो जाएंगे, लेकिन यह मैं बड़ा गलत आकलन था। खामेनेई के मुताबिक, इसके उलट देश में अलग-अलग विचारधाराओं और मतभेदों के बावजूद एकजुटता देखने को मिली है। उन्होंने कहा कि इसी एकता की वजह से दुश्मन अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाया और उसके खेमे में ही दरार पड़ गई है।

दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान युद्ध में साथ न देने पर नाटो के सहयोगी देशों पर नाराजगी जताई है। ट्रम्प ने कहा है कि नाटो देश कायर हैं और अमेरिका के बिना यह गठबंधन सिर्फ कागजी शेर है। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर लिखा- वे न्यूक्लियर ताकत वाले ईरान को रोकने की लड़ाई में शामिल नहीं होना चाहते थे। अब जब यह लड़ाई सैन्य रूप से जीत ली गई है, तो वे तेल की ऊंची कीमतों की शिकायत कर रहे हैं।

ट्रम्प ने होर्मुज स्ट्रेट का जिक्र करते हुए कहा कि इसे खुला रखने के लिए सैन्य मदद देना आसान है, लेकिन सहयोगी देश इसमें भी पीछे हट रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह बहुत आसान सैन्य कदम है, जिसमें बहुत कम जोखिम है, लेकिन वे मदद नहीं करना चाहते। कायर हैं, और हम इसे याद रखेंगे।

सऊदी अरब ने सीरिया पर इजराइल के हमले की कड़ी निंदा की

सऊदी अरब ने सीरिया में सैन्य ठिकानों पर किए गए इजराइल के हमले की कड़ी आलोचना की है। उसने इसे आक्रामक कदम बताया है। सऊदी विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म  पर जारी बयान में कहा कि यह हमला अंतरराष्ट्रीय कानून और सीरिया की संप्रभुता का उल्लंघन है।

रियाद ने यह भी कहा कि वह सीरिया की सरकार और वहां के लोगों के साथ एकजुटता रखता है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इजराइल के अंतरराष्ट्रीय कानूनों और नियमों के उल्लंघन को रोकने के लिए कदम उठाने की अपील की।

ईरान में सुबह-सुबह कई धमाके हुए

ईरान की राजधानी तेहरान में शनिवार सुबह कई धमाकों की आवाजें सुनी गईं। यह जानकारी ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी मेहर ने दी है। वॉयस ऑफ अमेरिका की फारसी सेवा के मुताबिक, तेहरान में आजाद टावर के पास भी धमाकों की खबरें आई हैं। इन हमलों में किसी के हताहत होने या नुकसान की फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।