'पलभर में सब कुछ बदल जाता है’ ये बात तो आपने कई बार सुनी ही होगी लेकिन मध्यप्रदेश के सिवनी से सामने आये वायरल वीडियो ने ये साबित कर दिया कि सच में जिंदगी मात्र पलभर का ही खेल हैं.
दरअसल, एक बुजुर्ग महिला की, अपनी पोती की शादी में हल्दी संगीत कार्यक्रम के दौरान डांस करते समय हार्ट अटैक से मौत हो गई. अचानक हुई इस मौत का वीडियो कैमरे में कैद हो गया. जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हैं. ये घटना सिवनी ज़िले के बंडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत बखारी गांव की है.
इस वीडियो को देख हर कोई सहम गया क्योंकि बुजुर्ग महिला शोदा साहू निवासी भीमगढ़ हल्दी की रस्म के दौरान पारिवारिक महिलाओं के साथ डांस कर रही थीं. तभी अचानक नाचते-नाचते जमीन पर गिर गई. उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
बंडोल थाना प्रभारी का कहना है कि बखारी गांव के साहू परिवार में शादी समारोह के दौरान बुजुर्ग महिला की डांस करते समय हार्ट अटैक से मौत हो गई. साहू परिवार की लड़की का छिंदवाड़ा जिले में विवाह तय हुआ था. शादी से एक दिन पहले ही महिला की मौत के बाद ख़ुशी ग़म में बदल गई.
वैसे जीवन का दूसरा नाम ही मौत है लेकिन इस तरह अचानक बढ़ रहें हार्ट अटैक से मौत के मामलें आम आदमी को सोचने पर मजबूर कर रहें है. कोरोना के बाद से रोजाना इस तरह के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आ रहे हैं. जिन्हें देख ऐसा लगता है कि सब कुछ ठीक होकर भी कुछ ठीक नहीं हैं.