दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनाव में बीजेपी की हार के बाद प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने हार की जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. खबरों के मुताबिक, आदेश गुप्ता ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को अपना इस्तीफा सौंप दिया है. कहा जा रहा है कि जेपी नड्डा ने इस्तीफा मंजूर कर लिया है.

एमसीडी चुनाव में बीजेपी को 250 वार्डों में से सिर्फ़ 104 सीटों पर जीत मिली है. जबकि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी को 134 सीटें मिली हैं. एमसीडी चुनाव में जहां आदेश गुप्ता रहते हैं, वहां बीजेपी एक सीट भी नहीं जीत सकी. चुनाव के बाद से ही आप लगातार बीजेपी को घेरने में लगी हुई है.

आदेश गुप्ता एमसीडी के वार्ड नंबर 141 के राजेंद्र नगर में रहते हैं. यहां से आम आदमी पार्टी की आरती चावला जीती हैं. हालांकि अंतिम समय तक आदेश गुप्ता जीत का दावा करते रहें लेकिन बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा. अब उन्होंने हार की जिम्मेदारी लेते हुए पार्टी पद से इस्तीफ़ा दे दिया. आदेश गुप्ता के दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद उनकी जगह वीरेंद्र सचदेवा को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है.