Delhi Election 2025 Dates: दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा करेगा चुनाव आयोग


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

आयोग ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के लिए मंगलवार दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है..!!

Delhi Election 2025 Dates: इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया मंगलवार, 7 जनवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा करेगा। आयोग ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के लिए मंगलवार दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी को समाप्त हो रहा है। उससे पहले नए सदन के गठन के लिए चुनाव होने हैं।

Image

चुनाव आयोग दिल्ली के विज्ञान भवन में चुनाव की तारीखों का ऐलान करेगा। साल 2020 में चुनाव की तारीखों का ऐलान 6 जनवरी को हुआ था। 8 फरवरी को मतदान के बाद 11 फरवरी को वोटों की गिनती की गई। जिसमें आम आदमी पार्टी को बंपर जीत मिली। चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली की कुल 70 विधानसभा सीटों में से 62 सीटें जीतीं, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 8 सीटें जीतीं। वहीं कांग्रेस का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। पार्टी दिल्ली में खाता भी नहीं खोल पाई।

चुनाव की घोषणा के बाद दिल्ली में आदर्श आचार संहिता लागू हो जायेगी। सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी की नजर हैट्रिक पर है। 2015 में 67 सीटें और 2020 में 62 सीटें जीतीं। पिछले दो विधानसभाओं में बीजेपी दहाई अंक तक नहीं पहुंच पाई।

कहा जा रहा है, कि दिल्ली विधानसभा चुनाव एक ही चरण में हो सकते हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के नेतृत्व में यह शायद आखिरी चुनाव होगा। वह 18 फरवरी को रिटायर होने वाले हैं। इससे पहले 6 जनवरी को चुनाव आयोग ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदाताओं की अंतिम सूची की घोषणा की थी। आयोग ने अपने बयान में कहा कि कुल 1 करोड़ 55 लाख 24 हजार 858 मतदाता पंजीकृत हैं। इसके अलावा इनमें 84 लाख 49 हजार 645 पुरुष मतदाता हैं, जबकि 71 लाख 73 हजार 952 महिला मतदाता हैं।

पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में सभी राजनीतिक दल अपने वादों और दावों के साथ जनता के बीच हैं। छींटाकशी, विवादित बयान और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। 4 जनवरी को आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और संजय सिंह ने जिलाधिकारी से मुलाकात की और मतदाताओं के नाम काटे जाने के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, नई दिल्ली जिला निर्वाचन अधिकारी ने शिकायत को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि इस शिकायत में कोई सच्चाई नहीं है।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने मंगलवार को कहा, ''दिल्ली विधानसभा चुनाव की घोषणा के लिए दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी।'' चुनाव आयोग ने मंगलवार सुबह एक बयान में कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव की घोषणा आज दोपहर 2 बजे की जाएगी। आपको बता दें कि पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में सभी राजनीतिक पार्टियां अपने वादों और दावों के साथ जनता के बीच हैं। छींटाकशी, विवादित बयान और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।