दिल्ली को नए शिक्षा और स्वास्थ मंत्री मिल गए। विधायक आतिशी मर्लेना और सौरभ भारद्वाज दिल्ली सरकार में मंत्री नियुक्त किए गए हैं। दोनों ने गुरुवार को मंत्री पद की शपथ ली। आतिशी को शिक्षा जबकि सौरभ भारद्वाज को स्वास्थ्य मंत्रालय दिया गया है।
इससे पहले शिक्षा मंत्रालय मनीष सिसोदिया के पास था। आतिशी को शिक्षा के अतिरिक्त PWD, बिजली और टूरिज्म डिपार्टमेंट भी दिए गए हैं जबकि सौरभ भारद्वाज को हेल्थ के अलावा पानी और उद्योग व शहरी विकास मंत्रालय दिया गया है।
इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को ही पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और मंत्री सत्येंद्र जैन के इस्तीफे स्वीकार किए थे। इसके बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सलाह पर अतिसी और सौरभ भारद्वाज को दिल्ली के कैबिनेट मंत्री के रूप में अपनी मंजूरी भी दी थी।
आतिशी कालकाजी से विधायक हैं। वहीं आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ग्रेटर कैलाश से विधायक हैं। दिल्ली कैबिनेट में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत कुल पांच मंत्री हैं। सीएम केजरीवाल के पास कोई भी विभाग नहीं है।