यह खबर तो दिल्ली मेट्रो की है लेकिन भोपाल-इंदौर के लिए भी 'गौरतलब' हो सकती है क्योंकि यह दोनों शहर भी तेजी से मेट्रो की तरफ बढ़ रहे है। दरअसल दिल्ली की मेट्रो में कुछ समय से नया कल्चर देखा जा रहा है जो 'सामाजिक प्रदूषण की तरह नजर आता है। आजकल मेट्रो के मुसाफिरों को वहां कुछ इस तरह की बातें सुननी पड़ रही हैं- 'हमारा जो मन करेगा, हम करेंगे। आपको यदि परेशानी है तो आगे जाकर बैठ जाओ..। अरे थोड़ी शर्म करो... क्यों शर्म करेंगे, कर क्या रहे हैं हम ? आपको कोई हक नहीं यह बोलने का। दरअसर यह सभी बातें इन दिनों सोशल मीडिया पर शेयर हो रहे दिल्ली मेट्रो के वीडियो में सुनी जा सकती हैं।
वीडियो में कभी किस करते हुए कपल दिखते हैं। वह किस भी साधारण नहीं, लिपलॉक..! यानि जमीन पर लड़की लेटी है और लड़का किस करता रहता है। कभी मैडम बालों को सुखाती दिखती हैं। कोई उर्फी जावेद का तगड़ा फैन आ जाता है। टोकने पर जवाब मिलता है- किसी को मॉरल पुलिसिंग का भी हक नहीं है! दिल्ली में सवाल उठने लगे हैं कि जब लाखों लोग सफर करते हैं तब कम से कम इतना तो किया ही जा सकता है कि दिल्ली की लाइफलाइन अश्लीलता का अड्डा न बने। हालांकि कई बार दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन दिशानिर्देश जारी कर चुका है, पर प्रेमी जोड़ों का प्रेम तो मेट्रो में सफर के दौरान ही उफान मार रहा है।
आए दिन आ रहीं अश्लीलता की तस्वीरें
बताया जाता है कि मेट्रो के फर्श पर लिपलॉक वाले वीडियो पर डीएमआरसी ने साफ कहा था कि यात्रियों को ऐसी अभद्र या अश्लील हरकतें नहीं करनी चाहिए जिससे सहयात्रियों को दिक्कत हो ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस एक्ट के सेक्शन 59 के तहत यह दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। खैर, इन निर्देशों का फिलहाल तो कोई असर नहीं दिख रहा है। आए दिन दिल्ली मेट्रो से अश्लीलता की तस्वीरें आ रही हैं। सोशल मीडिया पर लोग लाचार होकर लिखने लगे हैं- प्लीज, मेट्रो को बख्श दो।