जापान की महिला पर्यटक से होली पर बदतमीजी, तीन युवक अरेस्ट 


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

महिला ने अब तक शिकायत दर्ज नहीं कराई है और वह कल बांग्लादेश के लिए रवाना हो गई..!

दिल्ली में होली के दिन जापान की एक महिला से छेड़खानी और मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है, कि महिला ने अब तक शिकायत दर्ज नहीं कराई है और वह कल बांग्लादेश के लिए रवाना हो गई।

जापान की युवा पर्यटक मध्य दिल्ली के पहाड़गंज में रह रही थी और तीनों आरोपी, जिनमें से एक किशोर है, भी उसी इलाके के हैं। पुलिस ने एक बयान में कहा, "महिला ने ट्वीट किया है कि वह बांग्लादेश पहुंच गई है और मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ है।"

घटना का एक वीडियो, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, इस वीडियो को लेकर लोगों में काफी आक्रोश है। अब इसे लेकर कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है। वीडियो में, "होली है" के नारों के बीच युवक महिला को पकड़कर उस पर रंग डालते हुए दिखाई दे रहे हैं।

एक लड़के को विदेशी महिला के सिर पर अंडा फोड़ते हुए भी देखा जा सकता है। महिला पर्यटक एक युवक को थप्पड़ मारती है जो उसे पकड़ने की कोशिश करता है। इस दौरान महिला पूरी तरह से भीग चुकी थी और लगभग पहचान में नहीं आ रही थी। अधिकारियों ने कहा कि स्थानीय खुफिया एजेंसियों के जरिए आरोपियों की पहचान की गई और जांच जारी है। उन्होंने कहा कि वे जापान दूतावास के संपर्क में हैं।