दिल्ली में आम आदमी को बड़ा झटका लगा है। अरविंद केजरीवाल सरकार ने लोगों को दी जाने वाली फ्री बिजली सब्सिडी पर रोक का ऐलान कर दिया है। ऊर्जा मंत्री आतिशी ने शुक्रवार को इस बात की जानकारी मीडिया से शेयर की। 

मंत्री आतिशी ने बताया कि आज से दिल्ली के लोगों को दी जाने वाली सब्सिडी वाली बिजली बंद कर दी जाएगी क्योंकि आप सरकार ने आने वाले वर्ष के लिए सब्सिडी जारी रखने का निर्णय लिया है, लेकिन वह फाइल दिल्ली एलजी के पास है और जब तक फाइल वापस नहीं आती है, तब तक आप सरकार सब्सिडी वाला बिल जारी नहीं कर सकती है। 

दिल्ली में मुफ्त बिजली सब्सिडी को लेकर मंत्री आतिशी के बयान पर दिल्ली के एलजी कार्यालय ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि बिजली मंत्री को एलजी के खिलाफ अनावश्यक राजनीति और निराधार झूठे आरोपों से बचना चाहिए। साथ ही कहा गया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और बिजली मंत्री को जनता को जवाब देना चाहिए कि इस संबंध में फैसला 4 अप्रैल तक लंबित क्यों रखा? जबकि समय सीमा 15 अप्रैल थी? 

गौरतलब है कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार और एलजी के बीच बिजली सब्सिडी को लेकर तकरार चल रही है। सीएम अरविंद केजरीवाल की सरकार मुफ्त बिजली-पानी पर सब्सिडी पहले की तरह जारी रखना चाहती है, जबकि एलजी ने एक पत्र के जरिए सुझाव दिया था कि सब्सिडी सीधे उपभोक्ताओं के अकाउंट में भेजी जाये।