महेश्वर में संपन्न हुई डेस्टिनेशन कैबिनेट, धार्मिक स्थलों पर शराबबंदी पर मुहर


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

बैठक में मध्य प्रदेश के 17 धार्मिक शहरों में शराब पर प्रतिबंध को मंजूरी मिल गई है। इसके अलावा देवी अहिल्याबाई के जीवन से जुड़ी कई योजनाओं को भी मंजूरी मिली..!!

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की कैबिनेट की बैठक खरगोन जिले की धार्मिक नगरी महेश्वर में संपन्न हुई। यह बैठक देवी अहिल्या बाई की नगरी खरगोन में देवी अहिल्या बाई की 300वीं जयंती के अवसर पर हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समेत सभी मंत्री होटल नर्मदा रिट्रीट में मौजूद रहे।

बैठक में मध्य प्रदेश के 17 धार्मिक शहरों में शराब पर प्रतिबंध को मंजूरी मिल गई है। इसके अलावा देवी अहिल्याबाई के जीवन से जुड़ी कई योजनाओं को भी मंजूरी मिली। मोहन यादव सरकार कैबिनेट बैठक में नई आबकारी नीति पर बी चर्चा की। बैठक में शराबबंदी के कारण राजस्व हानि की भरपाई और नई शराब दुकानों की नीलामी की शर्तों पर भी चर्चा हुई।

कैबिनेट बैठक समाप्त होने के बाद सीएम यादव प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए बैठक में लिए गए अहम फैसलों की घोषणा की।

बैठक से पहले सीएम डॉ. मोहन यादव ने अहिल्या किले का भ्रमण किया तथा राजसिंहासन का दर्शन किया। रियासत में कैबिनेट का फोटो सेशन भी आयोजित किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के साथ अहिल्या घाट पर नर्मदा पूजन किया। कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंडलेश्वर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे माधव सेवा आश्रम गौशाला जाएंगे, जहां गाय की पूजा करेंगे।

महेश्वर में कैबिनेट बैठक में मोहन सरकार ने मां अहिल्याबाई के नाम पर नारी शक्ति मिशन शुरू करने की घोषणा की। इसके अलावा राज्य के 17 धार्मिक शहरों में शराब पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने के फैसले को भी मंजूरी दे दी गई। इस बैठक में उन 17 शहरों के नाम तय किए गए जहां 1 अप्रैल से भारतीय और विदेशी शराब और बार लाइसेंस पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा।

नगर निगम उज्जैन, मैहर, दतिया, पन्ना, मंडला, मंदसौर, ओंकारेश्वर सहित 17 नगर इस शराब बंदी की श्रेणी में शामिल रहेंगे। इनमें मंडला नगर पालिका, मुल्ताई नगर पालिका, मंदसौर नगर पालिका, अमरकंटक नगर पंचायत, सलकनपुर ग्राम पंचायत, बरमानकलां, लिंगा एवं मानखुर्द ग्रामपंचायत, कुंडलपुर ग्रामपंचायत, बांदकपुर ग्रामपंचायत, उज्जैन नगर निगम, ओंकारेश्वर नगर पंचायत, महेश्वर नगर पंचायत, मंडलेश्वर नगर पंचायत, ओरछा नगर पंचायत, मैहर नगरपालिका, चित्रकूट नगर पंचायत, दतिया नगर पालिका और पन्ना नगर पालिका शामिल हैं।