कोलार थाना पुलिस ने तलाकशुदा महिला की शिकायत पर एक युवक के खिलाफ बलात्कार और दैहिक शोषण की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया कि जहांगीराबाद निवासी 38 साल की महिला कैटरिंग का काम करती है।

करीब ढाई साल पहले उसका पति से तलाक हुआ है। वह अपने दो बच्चों के साथ अकेली रहती है। करीब दो साल पहले हबीबगंज इलाके में काम के आर्डर के दौरान उसकी पहचान रितुल पांडे से हो गई। रितुल को पता चला कि महिला तलाकशुदा है? तो मदद के बहाने उसने महिला से नजदीकी बढ़ाना शुरू कर दी। इस बीच दौरान उसने

महिला को शादी का झांसा दिया और उसका शारीरिक शोषण करना शुरू कर दिया।

महिला शादी की बात कहती तो वह कोई न कोई बहाना बनाकर शादी की बात टाल देता। गत वर्ष दिसंबर के महीने में जब महिला ने शादी करने के लिए दबाव बनाया तो रितुल ने शादी से साफ इंकार करते हुए उसके साथ मारपीट कर दी। करीब डेढ़ महीने तक महिला रितुल को शादी करने के लिए मनाती रही, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद महिला ने पुलिस को शिकायत की। पुलिस ने बताया कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ मारपीट, अड़ीबाजी समेत आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज है।