एमपी के जबलपुर से एक शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, यहां इलाज के इंतज़ार में एक मासूम की अपनी मां की गोद में ही मौत हो गई। घटना जबलपुर जिले के बरगी आरोग्यम केंद्र की है। मासूम के शव को गोद में लिए बिलखती मां का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। 

बरगी के नजदीकी ग्राम तिनेहटा देवरी से पांच वर्षीय ऋषि को बुधवार सुबह इलाज के लिए अस्पताल लाया गया लेकिन इस समय केंद्र पर कोई डॉक्टर नहीं था। माता पिता डॉक्टर के इंतज़ार में अपने बच्चे को लिए बैठे रहे। 

 

डॉक्टर साहब जब दोपहर 12 बजे स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे तब तक इलाज के अभाव में मां की गोद में लेटे मासूम बच्चे ने दम तोड़ दिया था  पूरे मामले पर मृतक के परिजनों ने डॉक्टर पर देर से आने के कारण बच्चे की मौत होने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही जांच कर दोषी डॉक्टर पर कार्रवाई करने की मांग की है। 

इधर कई घंटों देरी से पहुंचे अस्पताल के डॉक्टर ने देरी से आने की जो वजह बताई वह भी हैरान करने वाले है। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले डॉक्टर की पत्नी का व्रत था लिहाजा उन्हें अस्पताल पहुंचने में देर हो गई थी।