भोपाल। प्रदेश के रीवा जिले को तोडक़र नया मऊगंज जिला बनाने की प्रारुप अधिसूचना राजस्व विभाग ने जारी कर दी है। अब तक मऊगंज रीवा जिले की तहसील है तथा इसे जिले का स्परुप दिया जायेगा। प्रस्तावित मऊगंज जिले में रीवा जिले की महसील मऊगंज, हनुमना एवं नईगढ़ी शामिल होंगी तथा जिला मुख्यालय भी मऊगंज रहेगा। जबकि विघटित रीवा जिले में तहसील हुजूर, हुजूर नगर, गुढ़, रायपुर कर्चुलियान, मनगवां, त्यौंथर, जवा, सिरमौर एवं सेमरिया रह जायेंगी।
प्रस्तावित मऊगंज जिले के पूर्व में सीधी एवं जिला मिर्जापुर उप्र, पश्चिम में जिला रीवा, उत्तर में जिला रीवा एवं जिला प्रयागराज उप्र तथा दक्षिण में जिला सीधी आयेंगे। राजस्व विभाग ने नवीन जिले मऊगंज के संबंध में आम लोगों को तीस दिन का समय अपने दावे एवं आपत्ति के लिये दिये हैं तथा 10 मई 2023 के बाद यह जिला मूर्त रुप ले लेगा।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पिछले दिनों मऊगंज में आयोजित एक कार्यक्रम में इसे जिला बनाने की घोषणा की थी और कहा था कि आगामी पन्द्रह अगस्त को वे इस नये जिले में ध्वजारोहण करने आयेंगे। मऊगंज के भाजपा विधायक प्रदीप पटेल ने इसे जिला बनाने के लिये अथक प्रयास किये हैं।