ग्वालियर के छह कांवड़ियों की शुक्रवार देर रात एक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा उत्तरप्रदेश के हाथरस में हुआ जब एक ढाबे पर खाना खा रहे इन कांवड़ियों को डम्पर ने रौंद दिया। सभी हरिद्वार से गंगाजल लेकर ग्वालियर लौट रहे थे और 42 लोगों के जत्थे में शामिल थे। 

सभी मृतक ग्वालियर के बांगीपुरा गांव के रहने वाले थे। हादसे में पांच कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक कांवड़िये ने अस्पताल में दम तोड़ा। गंभीर हालत में एक कांवड़िये को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एक प्रत्यक्षदर्शी कांवड़िये ने बताया कि हम ढाबे पर खाना खा रहे थे, तभी डंपर कांवड़ियों को रौंद गया। हादसा हाथरस में कोतवाली सादाबाद बढ़ार चौराहे पर हुआ। घटना के बाद ड्राइवर डंपर लेकर भाग गया। 

मृतकों में जबर सिंह (28), रनवीर सिंह (30), मनोज पाल सिंह (30), रमेश पाल (30), नरेश पाल (45) और विकास शामिल हैं। मृतक कांवड़ियों के परिजन को हाथरस प्रशासन की ओर से 1-1 लाख रुपए की मदद देने की घोषणा की गई है।