अकीदत के साथ मनाई जा रही देश भर में ईद, राष्ट्रपति और पीएम ने दी मुबारकबाद


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

इससे पहले रमजान के पूरे 30 रोजे और इबादतों के बाद देशभर में खुशी का माहौल देखने को मिला, जब ईद का चांद नजर आया, चांद दिखते ही मस्जिदों से एलान किया गया..!!

देशभर में आज ईद मनाई जा रही है। मस्जिदों में ईद की नमाज पढ़ने के लिए लोग इकट्ंठे हो रहे हैं। इससे पहले रमजान के पूरे 30 रोजे और इबादतों के बाद देशभर में खुशी का माहौल देखने को मिला, जब ईद का चांद नजर आया। चांद दिखते ही मस्जिदों से एलान किया गया। अकीदतमंदों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।

इधर, पीएम मोदी ने भी देशवासियों को ईद की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने  पर लिखा- ईद-उल-फितर की हार्दिक शुभकामनाएं। कामना है कि यह दिन चारों ओर भाईचारे और सद्भावना को और अधिक बढ़ाए। सभी लोग सुखी और स्वस्थ रहें।

राष्ट्रपति मुर्मू ने भी दी शुभकामनाएं

ईद-उल-फितर के खास मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश जारी करते हुए सभी नागरिकों, खासकर मुस्लिम समुदाय के लोगों को ईद की बधाई दी। राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संदेश में कहा कि ईद का यह त्योहार हमें आत्मसंयम, सेवा और दूसरों की मदद करने की सीख देता है।

ईद-उल-फित्र के मौके पर राजस्थान के अजमेर में ख्वाजा गरीब नवाज दरगाह शरीफ में सुबह 5 बजे दरगाह का ‘जन्नती दरवाजा’ खोला गया। पटना के गांधी मैदान में ईद-उल-फितर के मौके पर लोगों ने नमाज अदा की। जेडीयू नेता और नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार भी यहां मौजूद हैं।

भोपाल में गुरुवार को चांद नजर नहीं आने के बाद शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने 21 मार्च यानी शनिवार को ईद मनाने का एलान किया था। भोपाल के ईदगाह में सुबह 7:30 बजे पहली नमाज अदा हुई। इसके बाद जामा मस्जिद में 7:45 बजे, ताजझ्रउल मसजिद में 8 बजे और मोती मस्जिद में 8:15 बजे नमाज हुई।