भोपाल. बिजली उपभोक्ताओं की मीटर रीडिंग में लापरवाही बरतने की शिकायतों पर अब मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी सख्त हो गई है. बिजली कंपनी ने मीटर रीडिंग में लापरवाही पर कई कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया है जबकि कुछ अन्य लोगों का वेतन काटा गया है. इसके अलावा करीब 100 कर्मचारियों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं. कंपनी अधिकारियों ने उपभोक्ताओं के मीटर की फोटो मीटर रीडिंग में लापरवाही बरतने और गलत मीटर रीडिंग लेने पर मीटर वाचकों पर सख्त कार्रवाई किये जाने के निर्देश जारी किये हैं। 

कई कर्मचारियों पर कार्रवाई
मीटर रीडिंग में लापरवाही करने पर बिजली कंपनी ने सेवा प्रदाता कंपनी के माध्यम से 3 मीटर वाचकों को ड्यूटी से हटा दिया. इसके साथ ही 51 मीटर वाचकों का वेतन भी काट दिया है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों ने इसी प्रकार की शिकायतों पर 94 मीटर वाचकों को चेतावनी भी जारी की है। इन कर्मचारियों को कार्य में लापरवाही बरतने के चलते चेताया गया है। कंपनी कार्यक्षेत्र के अंतर्गत फोटो मीटर रीडिंग में लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किये गये हैं।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक गणेश शंकर मिश्रा ने मैदानी अधिकारियों और कर्मचारियों को इस संबंध में निर्देशित किया है. उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के परिसर पर लगे मीटरों की एक्युरेसी यानि शुद्धता के साथ मीटर वाचन होना चाहिए. मीटर रीडिंग के आधार पर ही उपभोक्ताओं को विद्युत देयक दिए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि मीटर वाचकों के कार्य पर निष्ठा एप के द्वारा निगरानी रखी जाए और जो मीटर वाचक कर्तव्य पालन में लापरवाही बरतते पाए जाएं उन्हें सेवा से हटा दिया जाए।