प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में ईओडब्ल्यू ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने द बोर्ड ऑफ़ एजूकेशन चर्च ऑफ नार्थ इंडिया डायोसिस जबलपुर विशप पीसी सिंह के निवास एवं कार्यालय में सर्च कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नगदी, विदेश मुद्रा सहित दस्तावेज जब्त किए हैं।
ईओडब्ल्यू के मुताबिक पीसी सिंह कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर मूल सोसायटी का नाम परिवर्तन कर उसका चेयरमैन बनकर पद का दुरूपयोेग करते हुए सोयासटी की विभिन्न शैक्षणि संस्थाओं में प्राप्त होने वाली छात्रों की फीस की राशि का उपयोग धार्मिक संस्थाओं को चलाने एवं स्वयं के उपयोग में लेकर गबन करने के आरोपी हैं।
वर्ष 2004-05 से वर्ष 2011-12 तक शैक्षणिक संस्था की करीब 2 करोड़ 70 लाख रुपए की राशि धार्मिक संस्थाओं को ट्रांसफर करने के प्रथमदृष्टया प्रमाण मिले हैं। मामले की शुरु आती जांच के बाद ईओडब्ल्यू की टीम ने बिशप पीसी सिंह के नेपियर टाउन स्थित घर और ऑफिस में छापामार कार्रवाई की है। बिशप पीसी सिंह पर आरोप है कि उन्होने गबन की राशि से कई अचल संपत्तियां भी क्रय की हैं, जिसका रिकार्ड खंगाला जा रहा है।
घर में मिली भारी रकम की गिनती के लिए ईओडब्ल्यू टीम ने समीप स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से नोट गिनने की मशीन बुलाई। सूत्रों के मुताबिक विशप के घर में करीब 1 करोड़ 65 लाख रुपए नगद, 18 हजार डॉलर (भारतीय मुद्रा में करीब16 लाख) रुपए मिले हैं। बिशप एवं चेयरमैन के कार्यालय में सर्च कार्रवाई जारी है।