BJP का पलटवार, मुगल सल्तनत भी नहीं कर सकी सनातन को कमजोर


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने सनातन पर इंडिया गठबंधन के राजनीतिक हमले के जवाब में भारत के संविधान की मूल प्रति पत्रकारों को दिखाई..!

उदयनिधि स्टालिन के विवादित बयान से शुरु हुआ विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब वरिष्ठ भाजपा नेता रवि शंकर प्रसाद ने पटना में एक प्रेस कांफ्रेस के दौरान कांग्रेस और विपक्षी नेताओं पर जमकर निशाना साधा है।

प्रसाद ने कहा कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को जवाब देना चाहिए कि सनातन को एड्स और एचआईवी बोलना, क्या यही आपका तरीका है?  कांग्रेस और विपक्ष के नेता कान खोलकर सुन लें समझ लें कि इतने लंबे काल में मुगल सल्तनत भी हिंदू आस्था और सनातन को कमजोर नहीं कर सकी। हिंदू आस्था हमेशा आगे बढ़ती रही, सनातन की ज्वाला और चमकती रही...तो ये लोग किस खेत की मूली हैं?

बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने सनातन पर इंडिया गठबंधन के राजनीतिक हमले के जवाब में भारत के संविधान की मूल प्रति पत्रकारों को दिखाई। उन्होंने कांग्रेस के नेताओं से सवाल करते हुए कहा कि भारतीय संविधान सनातन की बुनियाद पर खड़ा हुआ है। संविधान की मूल प्रति के प्रष्टों पर सनातन संस्कृति के प्रतीक अंकित हैं। संविधान में उल्लेखित मौलिक अधिकार के पृष्ठ पर भगवान राम द्वारा लंका विजय के बाद अयोध्या पहुंचने का चित्र प्रकाशित है। संविधान के नीति निर्देशक तत्व के पृष्ठ पर भगवान कृष्ण द्वारा महाभारत में अर्जुन को उपदेश देने के चित्र छपे हैं। संविधान की मूल प्रति के प्रष्ठों पर हनुमान और नटराज के भी चित्र प्रकाशित हैं।

रविशंकर प्रसाद ने सवाल उठाया कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ये बताएं कि उन्होंने मुंबई की बैठक में क्या यही तय किया है कि हिंदू आस्था और हिंदुत्व को बदनाम करना है।