फेमस फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की मां गरिमा मल्होत्रा का गुरुवार को निधन हो गया। वह 94 साल की थीं। उनका अंतिम संस्कार मुंबई में किया जाएगा। मनीष की टीम ने एक आधिकारिक बयान जारी कर गरिमा मल्होत्रा के निधन की पुष्टि की।
बयान में कहा गया कि हम अपनी प्यारी मां गरिमा मल्होत्रा के निधन की जानकारी दे रहे हैं। वह 94 साल की थीं। उन्होंने एक लंबा और खुशहाल जीवन जिया। वह अपने पीछे बहुत सारी प्यारी यादें और अपनों का प्यार छोड़ गई हैं। उनका आशीर्वाद हमेशा हमें रास्ता दिखाता रहेगा। उनका अंतिम संस्कार 20 मार्च 2026 को सुबह 10 बजे किया जाएगा। हम सभी से प्रार्थना करते हैं कि उन्हें श्रद्धांजलि देने और अंतिम विदाई में शामिल हों। ॐ शांति।
यह खबर सामने आने के बाद, करण जौहर, ऐश्वर्या राय बच्चन, अभिषेक बच्चन, रवीना टंडन, वरुण धवन और कियारा आडवाणी समेत कई बॉलीवुड सेलेब्स संवेदना व्यक्त करने मनीष मल्होत्रा के घर पहुंचे।
मां के बहुत करीब थे मनीष
बता दें कि मनीष अपनी मां के बहुत करीब थे और अक्सर सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें शेयर करते थे। पिछले साल उन्होंने अपनी मां का जन्मदिन अपने घर पर धूमधाम से मनाया था। सेलिब्रेशन की तस्वीरें शेयर करते हुए उन्होंने लिखा था- हैप्पी बर्थडे, मॉमी डियरस्ट...
बर्थडे सेलिब्रेशन में रेखा, करण जौहर, उर्मिला मातोंडकर और मनीष मल्होत्रा के कजिन व डायरेक्टर पुनीत मल्होत्रा शामिल हुए थे। वहीं, अपने एक पुराने मदर्स डे पोस्ट में मनीष ने अपनी मां को अपनी ताकत, प्रेरणा और साथी बताया था। उन्होंने यह भी कहा था कि उनकी मां ने बचपन में कपड़ों और सिनेमा के प्रति उनके शौक को बढ़ावा दिया था।
पुराण डेस्क