उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसे देखकर आपका दिल रो उठेगा। हुआ यूं कि एक सरकारी डॉक्टर की हार्ट अटैक से अचानक घर में मौत हो गई, कमरे में मौजूद अबोध जुड़वां बच्चियों को कुछ समझ नहीं आता और दोनों अपने पिता के मृत शरीर पर खेलने लगती हैं। खेलते-खेलते बच्चियां अपनी मां के सिंदूर को पिता के मृत शरीर पर भी लगाने लगती हैं। 

ड्यूटी से लौटी अनजान मां जब ये नज़ारा देखती है तो घर में कोहराम मच जाता है। डॉक्टर वीणा गुप्ता के मुताबिक जब दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर देखा कि पति बेड पर बेसुध पड़े हुए थे और दो जुड़वां बच्चियां अपने हाथों और गालों पर सिंदूर लगाकर अपने पिता की डेड बॉडी के साथ खेल रही थीं। मासूम बच्चियों ने अपने मृत पड़े पिता के पैर और पेट पर भी सिंदूर लगा दिया था।
  
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और कमरे में बेसुध पड़े डॉ. राजेश मोहन गुप्ता को गाड़ी में जिला अस्पताल ले गई, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मृतक डॉक्टर का तीन डॉक्टरों की देखरेख में पोस्टमार्टम हुआ, जिसमें डॉ की मौत हार्ट अटैक से होना बताया गया है।  पुलिस ने बताया कि मृतक डॉक्टर राजेश मोहन गुप्ता बनारस के रहने वाले थे, जबकि उनकी पत्नी वीना गुप्ता लखनऊ की रहने वाली हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद डॉक्टर के पार्थिव शरीर को परिजनों को सौंप दिया है।