भोपाल: बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाली फायर ब्रांड सांसद एवं साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह को खुली चुनौती दी है। उन्होंने गुस्से से तमतमाते हुए तेज आवाज में मीडिया के सामने चुनौती दी कि वे उनकी पोल खोलकर रख देंगी।

कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक और नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने पिछले दिनों भोपाल में मीडिया के सामने यह कह दिया था कि कांग्रेस के पास सीडी हैं। इसमें 60-70 आरएसएस-भाजपा नेताओं के चाल-चरित्र है। गोविंद सिंह के इस बयान पर पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और फिर गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने उन्हें चुनौती दी थी कि वे इन्हें अपने पास नहीं रखें, सार्वजनिक करें।

मगर भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर केवल चुनौती तक सीमित नहीं रहीं बल्कि उऩ्होंने नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह की पोल खोलने की ठान ली है। वे कह रही हैं कि गोविंद सिंह की पोल खोलने की वे तैयारी कर रही हैं और जल्द ही उनकी पोल खोल देंगी।

क्या बोली हैं साध्वी ठाकुर-

मीडिया के सामने भोपाल सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा कि वे लहार की हैं, जहां के गोविंद सिंह हैं। सांसद ने कहा कि उनके पिता डॉ. गोविंद सिंह से काफी बड़े थे और ये क्या थे, वे जानती हैं। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति आरएसएस के खिलाफ कुछ बोलेगा, वे उसे छोड़ेंगी नहीं।

इसीलिए अब वे गोविंद सिंह को नहीं छोड़ेंगी और उनकी पोल खोलकर रख देंगी। इसकी वे तैयारी कर रही हैं। गोविंद सिंह के शुरू से लेकर आज तक का काला चिट्ठा तैयार कर रही हैं। जल्द ही उसे पूरे देश के सामने रखेंगी।