उज्जैन में रेलवे स्टेशन पर खड़ी इंदौर-रतलाम पैसेंजर ट्रेन के डिब्बे में रविवार रात शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग पर काबू पाने में करीब 1 घंटे का समय लगा। हादसे में ट्रेन का पूरा कोच जलकर राख हो गया। ट्रेन सोमवार सुबह रवाना होने वाली थी।ट्रेन खाली थी, इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन प्लेटफॉर्म पर इससे अफरातफरी मच गई। 

घटना रविवार रात करीब 11.45 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार रविवार की रात इंदौर-रतलाम पैसेंजर ट्रेन उज्जैन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर खड़ी थी, तभी अचानक ट्रेन के डिब्बे में आग लग गई। पुलिस कर्मचारियों ने फायर ब्रिगेड की मदद से करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी बोगी जलकर राख हो चुकी थी। 

पहले यह ट्रेन भोपाल के लिए चल रही थी और कुछ समय पहले इसे बदलकर इंदौर रतलाम कर दिया गया। ट्रेन के दो गार्ड डिब्बों के अलावा तीसरे डिब्बे में आग की लपटें और धुआं निकलते देख आरपीएफ जीआरपी और रेलवे कर्मचारियों की एक टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।