भोपाल। पुलिस मुख्यालय ने पदोन्नति हेतु बहुत से पद खाली रहने के कारण सभी पुलिस इकाईयों को फिर से फिट लिस्ट बनाने के निर्देश जारी किये हैं।
जारी निर्देश में कहा गया है कि आरक्षक से प्रधान आरक्षक एवं प्रधान आरक्षक से सहायक उप निरीक्षक के उच्चतर पद पर विभिन्न इकाईयों द्वारा एवं पुलिस मुख्यालय की विभिन्न शाखाओं द्वारा उपरोक्त पदों के अतिरिक्त सहायक उप निरीक्षक से उप निरीक्षक के उच्चतर पद पर एवं उप निरीक्षक से निरीक्षक के उच्चतर पद पर कार्यवाहक प्रभार देने की कार्यवाही विगत वर्ष में की गई है।
विभिन्न उच्चतर पदों पर कार्यवाहक प्रभार देने से, सेवानिवृत्ति से, प्रतिनियुक्ति पर जाने से, विभागीय जांच/आपराधिक प्रकरण लंबित होने से, वार्षिक गोपनीय चरित्रावली उपलब्ध नहीं होने से, पात्र अधिकारी/कर्मचारी द्वारा उच्चतर पद ग्रहण करने से इंकार करने से एवं अन्य कारणों से वर्तमान में उच्चतर पद रिक्त हो गये हैं। उच्चतर कार्यवाहक प्रभार पाने से वंचित रहे अधिकारियों/कर्मचारियों के लगातार आवेदन प्राप्त हो रहे हैं तथा साथ ही कई इकाईयां/शाखाओं में विगत वर्ष में बनाई गई योग्यता सूची समाप्त हो गई है। इसलिये उच्चतर पद रिक्त होने पर एवं उपयुक्तता सूची समाप्त होने पर पुन: स्वत: सक्षम स्तर पर कार्यवाही संस्थित की जाये।
यह कार्यवाही प्रतिवर्ष माह जनवरी एवं जुलाई में प्रत्येक स्तर पर अनिवार्य रूप से की जाना है। वर्तमान में प्रत्येक संवर्ग में अत्यधिक संख्या में रिक्त पद उपलब्ध हैं। इसलिये माह जनवरी, 2022 में उच्चतर पद के प्रभार दिये जाने हेतु त्वरित कार्यवाही की जाये और इस कार्यवाही के समय वर्तमान रिक्तियों में इस वर्ष के अंत तक उस उच्चतर पद से सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी/कर्मचारी की संख्या को जोडक़र और इस कुल संख्या में 25 प्रतिशत अतिरिक्त वृद्धि कर उपयुक्तता सूची बनाई जाये।