भोपाल: राज्य सरकार ने मेसर्स खजुराहो मिनरल्स प्रालि छतरपुर को जिला टीकमगढ़ के ग्राम माचीगढ़ में ओपन कास्ट माईनिंग खनिज पायरोफिलाइट/डायस्पोर प्रोजेक्ट में वन भूमि प्रदान की है तथा इस वन भूमि के बदले में जिला छतरपुर की तहसील बक्सवाहा में आने वाले वनमंडल छतरपुर की रेंज बक्सवाहा से सटी 19 हैक्टेयर राजस्व भूमि को क्षतिपूरक वनीकरण के अंतर्गत वन विभाग को सौंप दी है। वन विभाग ने अब इस 19 हैक्टेयर राजस्व भूमि को संरक्षित वन घोषित कर दिया है जिससे बक्सवाहा के वन क्षेत्र में वृध्दि हो गई है।
संजय टाइगर रिजर्व में भी नये वनखण्ड बनाये:
इधर राज्य के सीधी जिले की कुसमी तहसील में आने वाले संजय टाइगर रिजर्व की रेंज पोड़ी में 19.050 हैक्टेयर में फैले राजस्व ग्राम कुन्दौर (पनसुआडोल टोला) तथा रेंज मोहन में 55.580 हैक्टेयर में फैले राजस्व ग्राम करचा (कुरचू टोला) को वहां के निवासियों को मुआवजा दिये जाने से खाली करा लिया गया है तथा अब वन विभाग ने इन दोनों राजस्व ग्राम की भूमि को वनखण्ड घोषित कर दिया है तथा अब ये वनखण्ड संजय टाइगर रिजर्व का हिस्सा हो गये हैं।
डॉ. नवीन आनंद जोशी