भोपाल: राज्य ने वन विभाग ने अपने सोलह वृत्तों के 71 वनमंडलों को किराये पर कुल 506 चार पहिया फोर व्हील वाहन जिनमें स्कार्पियो/बोलोरे/पिकअप वाहन आदि शामिल हैं, उपलब्ध कराने का टेण्डर ज्यादा रेट आने पर दूसरी बार निरस्त कर दिया है। अब फिर से टेण्डर करने का अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

दरअसल वन विभाग ने जब पहली बार टेण्डर जारी किये तो उसमें सिर्फ एक कंपनी ने भाग लिया था। चूंकि प्रतिस्पर्धी दर नहीं आ सकी थी इसलिये इसे निरस्त कर दिया गया। परन्तु जब दूसरी बार टेण्डर बुलाया गया तो इसमें दो कंपनियों ने भाग लिया। इसमें डायल हण्ड्रेड का संचालन करने वाली कंपनी भी शामिल थी।

दोनों कंपनियों ने लगभग 66 हजार रुपये से लेकर 67 हजार रुपये प्रति वाहन प्रति माह की दरें दी थीं। वन विभाग की सोच थी कि 25 हजार रुपये या उसके आसपास प्रति वाहन प्रति माह की दर आने पर वह टेण्डर स्वीकृत करेगा। इसलिये अपेक्षानुसार दर न आने पर उसने दूसरा टेण्डर भी निरस्त कर दिया है।

विभागीय अधिकारी ने बताया कि किराये पर 506 वाहन लेने का दूसरा टेण्डर भी निरस्त कर दिया गया है क्योंकि इसमें दोनों कंपनियों ने काफी अधिक दरें दी थीं। अब फिर से टेण्डर करने के बारे में कोई निर्णय नहीं लिया गया है।