एमपी में रिकॉर्ड गर्मी का दौर शुरू हो गया है। बुधवार को मालवा-निमाड़ यानी, इंदौर और उज्जैन संभाग के शहरों में भीषण गर्मी पड़ी। छतरपुर के खजुराहो में पारा 45.4 डिग्री सेल्सियस रहा मौसम केंद्र भोपाल की माने तो अगले 4 दिन तक प्रदेश का आधा हिस्सा लू की चपेट में रहेगा।
गुरुवार को इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं, इंदौर, उज्जैन-धार की रात में भी तापमान बढ़ा हुआ रहेगा। यहां वॉर्म नाइट की चेतावनी है। इस दौरान गर्म हवाएं चलेंगी। झाबुआ, आलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, देवास, सीहोर, शाजापुर, आगर-मालवा और राजगढ़ में भी लू चलेगी।
इन जिलों में तेज गर्मी रहेगी
गुरुवार को भोपाल, जबलपुर-ग्वालियर समेत बाकी हिस्से में भी तेज गर्मी पड़ेगी। इनमें शाजापुर, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, निवाड़ी, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, टीकमगढ़, छतरपुर में पारा 44 डिग्री के पार पहुंच सकता है।
12 शहरों में पारा 44 डिग्री के पार
प्रदेश में बुधवार को भीषण गर्मी के साथ आंधी-बारिश का दौर भी रहा। 12 शहरों में पारा 44 डिग्री के पार रहा। खजुराहो सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम तक जबलपुर-सिवनी में बारिश हुई। वहीं, पांढुर्णा में ओले गिरे। कई जिलों में आंधी का दौर भी जारी रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, खजुराहो के बाद रतलाम-धार सबसे गर्म रहे। रतलाम में तापमान 45.2 डिग्री और धार में 45 डिग्री सेल्सियस रहा। शाजापुर में 44.7 डिग्री, गुना में 44.6 डिग्री, श्योपुर-सागर में 44.4 डिग्री, खरगोर-रायसेन में 44.2 डिग्री, खंडवा में 44.1 डिग्री और दमोह में 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश के 5 बड़े शहरों में उज्जैन सबसे गर्म रहा। यहां तापमान 44.7 डिग्री रहा। भोपाल में 43.2 डिग्री, इंदौर में 43.6 डिग्री, ग्वालियर में 42 डिग्री और जबलपुर में तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पुराण डेस्क