राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा और राजस्थान में चल रही सियासी खींचतान के बीच आज का दिन कांग्रेस के लिए अहम माना जा रहा है। एआईसीसी संगठन महासचिव केसी वेणगोपाल आज जयपुर पहुंच रहे हैं। वेणुगोपाल भारत जोड़ो यात्रा को लेकर बैठक लेंगे जिसमें सीएम गहलोत और सचिन पायलट आमने सामने होंगे
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा सचिन पायलट को गद्दार कहे जाने के बाद दोनों नेता पहली बार आमने-सामने होंगे। ऐसे में माना जा रहा है कि यात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक के साथ केसी वेणुगोपाल राज्य में चल रही सियासी खींचतान पर गहलोत और पायलट से चर्चा कर सकते हैं। साथ ही रात में दिल्ली लौटकर रिपोर्ट आलाकमान को दे सकते हैं।
बीते दिनों सीएम गहलोत द्वारा सचिन पायलट को गद्दार कहे जाने के बाद सियासी तूफान उठ खड़ा हुआ है। हालांकि, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि गहलोत और पायलट पार्टी के लिए धरोहर है। मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि भारत जोड़ो यात्रा पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान में 4 दिसंबर को प्रवेश करेगी। इसको लेकर तैयारियों का दौर जारी है। यात्रा रूट भी लगभग फाइनल हो गया है। सीएम गहलोत और पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कांग्रेस पदाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए है।