इंदौर में प्रवासी भारतीय सम्मेलन के बाद दो दिवसीय ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट (जीआईएस) बुधवार से शुरू हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समिट में वर्चुअली शामिल हुए। समिट में 65 देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। समिट की थीम 'फ्यूचर रेडी मप्र' रखी गई है।
समिट से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निवेशकों से व्यक्तिगत मुलाक़ात की। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के प्रथम दिवस पर गोदरेज ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर नादिर गोदरेज ने भेंटकर निवेश संबंधी चर्चा की। साथ ही सीएम शिवराज ने रिलायंस न्यू एनर्जी के डायरेक्टर निखिल आर. मेसवानी से भी ने भेंट की।
सातवें ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट को शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे। इसमें सूरीनाम एवं गुयाना के राष्ट्रपति भी शामिल होंगे। विदेश मंत्री एस. जयशंकर, केन्द्रीय वाणिज्यिक एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी समिट को संबोधित करेंगे।
समिट में पीथमपुर में कैप्सूल बनाने वाली कंपनी एसोसिएट ग्रुप ने 450 से 500 करोड़ के निवेश का भरोसा दिया है। माना जा रहा है कि इस निवेश के साथ ही ये कंपनी कैप्सूल बनाने वाली दुनिया की दूसरी और एशिया की पहली कंपनी बन जाएगी। जीआईएस में शामिल होने के लिए इस ग्रुप का सबसे बड़ा प्रतिनिधिमंडल इंदौर पहुंच चुका है।
इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को इंदौर में ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर में 11 और 12 जनवरी को हो रही ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियों की जानकारी प्राप्त की। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि समिट की तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। आमंत्रित उद्योगपतियों और निवेशकों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं सहित समिट में विभिन्न सत्रों और सेक्टोरल प्रेजेंटेशन के बारे में चर्चा की गई।
मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस सहित प्रवासी भारतीय और औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के साथ अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और इंदौर जिला प्रशासन एवं संभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।