देश में मानसून तय समय से 4 दिन पहले दस्तक दे सकता है। आमतौर पर केरल में मानसून 1 जून तक पहुंचता है, लेकिन इस बार 25 से 27 मई के बीच केरल तट पर पहुंचने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में एक सिस्टम बन गया है, जो अगले 48 घंटे में और मजबूत हो सकता है। इससे दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश बढ़ेगी। यह सिस्टम मानसून को तेजी से आगे बढ़ा रहा है।
दूसरी ओर मध्यप्रदेश समेत राजस्थान और गुजरात, में हीटवेव जारी है। देश में सोमवार को राजस्थान का बाड़मेर सबसे गर्म रहा। यहां तापमान 47.3त्उ दर्ज किया गया। जैसलमेर में 46.5, फलोदी में 45.6 और बीकानेर में 45.3 डिग्री तापमान रहा। मध्य प्रदेश के रतलाम में पारा 45 डिग्री के पार रहा।
दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश
दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में 14 से 17 मई के बीच भारी बारिश हो सकती है। वहीं असम, मेघालय और मणिपुर में भी कई जगह बारिश की संभावना हैं। बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर ओडिशा में भी दिख सकता है। राज्य के कई हिस्सों में अगले 6 दिन तक बारिश का अनुमान है। 20 जिलों में बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
जहां तक एमपी के मौसम की बात की जाए तो यहां हीट वेव यानी, लू चलने लगी है। सोमवार को रतलाम-झाबुआ में इसका असर देखा गया। रतलाम में पारा रिकॉर्ड 45 डिग्री सेल्सियस रहा। मंगलवार को 6 जिलों में लू का अलर्ट है। इनमें उज्जैन, धार, आलीराजपुर, बड़वानी, रतलाम और झाबुआ शामिल हैं।
मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार, अगले 4 दिन तक प्रदेश के इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में लू का असर रहेगा। इस दौरान यहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। उज्जैन संभाग के रतलाम, नीमच और मंदसौर सबसे गर्म रहने की संभावना है। मंगलवार को लू चलने के साथ भोपाल, इंदौर, जबलपुर-ग्वालियर समेत प्रदेश के 49 जिलों में तेज गर्मी पड़ेगी। इससे पारा 43 से 44 डिग्री के बीच बना रहेगा।
पुराण डेस्क