जनवरी में मप्र में होने वाली ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट का 'माहोल' उद्योग जगत में तैयार करने तथा निवेश की संभावनाओं को पुख्ता बनाने आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मुंबई पहुंचे हैं। वे यह उद्योगपतियों से मुलाकात और रोड-शो कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने उद्योगपतियों को इंदौर में जनवरी- 2023 में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिये आमंत्रित किया व कहा- हम पूरा रोड मेप बनाकर आए है और पांच ट्रिलियन इकोनोमी में पूरा योगदान देंगे। मुंबई रवाना होने से पहले आज चौहान ने ट्वीट करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश निवेश फ्रेंडली राज्य है। यहां की ग्रोथ रेट 19 फीसद से ज्यादा है। हमारे पास सवा लाख एकड़का लैंड बैंक है। यह जमीन अपेक्षाकृत सस्ती है। बिजली में हम अब सरप्लस स्टेट हैं।
मुख्यमंत्री आज महिन्द्रा एण्ड महिन्द्रा के एम.डी. तथा सीईओ डॉ अनीश शाह, हिन्दुस्तान यूनीलिवर के सीईओ संजीव मेहता तथा रिलायंस इण्डस्ट्रीज के डायरेक्टर अनंत अंबानी और धनराज नाथवानी, सिएट टायर्स के एम. डी. अनंत गोयनका, यूएस फार्मा के सीएमडी तपन संघवी, केमेरिक्स लाइफ साइंसेज के डायरेक्टर ए के मिश्रा, एनक्यूब ऐथिकल फार्मा के एम. डी. मेहुल शाह, ग्युफिक बायोसाइंसेज के सीएमडी जयश चौकसी और पीरामल ग्रुप को वाईस चेयरपर्सन डॉ. स्वाति पीरामल से भेंट कर रहे हैं। समिट 11 व 12 जनवरी को इंदौर में होगी।
गुजरात सबसे आगे
दरअसल औद्योगिक निवेश के मामले में गुजरात सबसे आगे हैं, यहा विदेशी निवेशकों की भी खासी रूचि है। गुजरात का आयोजन 'वाइब्रेंट गुजरात' काफी मशहूर रहा है। लेकिन महाराष्ट्र और गुजरात के बीच निवेश को लेकर काफी खींचतान रही है। हाल में कांग्रेस शासित राजस्थान ने भी बड़ा निवेश हासिल किया है। उम्र भी वह प्रयास तेजी से कर रहा है। मप्र में शिवराज सिंह के शासनकाल में खजुराहो से शुरू हुआ सिलसिला अब तक एक दर्जन ऐसे आयोजन के पड़ाव पार कर चुका है। जनवरी में इंदौर में होने वाली समिट सरकार के मौजूदा कार्यकाल की आखिरी समिट होगी।
मेडिकल क्षेत्र पर भी सरकार की नजर
मुख्यमंत्री फार्मा और मेडिकल उपकरणों के निर्माण से संबंधित इकाइयों की स्थापना की संभावनाओं पर इस क्षेत्र में कार्यरत उद्योगपतियों से विशेष रूप से चर्चा करेंगे। इसके अंतर्गत गोदरेज, एलेम्बिक फार्मा, आदित्य बिरला ग्रुप, हीरानंदानी ग्रुप, सन फार्मास्युटिकल्स, टाटा संस, प्रोक्टर एंड गेम्बल इंडिया, लार्सन एंड ट्यूबरो, परसिस्टेंट सिस्टम्स और पंचशील रियल्टी रिजर्व के प्रमुखों और पदाधिकारियों से चर्चा करेंगे।
रैकी करने निकलेंगे नाथ
इधर कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ कल राहुल गांधी की भारत जोडो यात्रा की तैयारियों के सिलसिले में मैदानी दौरे करने निकल रहे हैं। वे बुरहानपुर जिले से इंदौर उज्जैन तक के उन रास्तों का मुआयना करेंगे, जहां से यह यात्रा गुजरेगी। नाथ कुछ दूरी सडक मार्ग से और कुछ दूरी हवाई मार्ग से तय करेंगे। उनका जिले के नेताओं से भी तचीत का कार्यक्रम है। ज्ञात हो कि राहुल को यात्रा 20 नवंबर को महाराष्ट्र से मप्र की सीमा में प्रवेश करने वाली है। सूत्रों की मानें तो मप्र कांग्रेस ने सियासी फायदे के लिये अपनी सभी जिला इकाइयों को यात्रा में जुड़ने के लिये कहा है तथा मप्र में निकाली जा रही कांग्रेस की उपयात्राएं भी भारत जोडो यात्रा के साथ जुड़ती जायेंगी।