सूरत में एक ही परिवार के सात लोगों ने की आत्महत्या, सामने आई ये वजह


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

परिवार के छह लोगों की मौत जहर खाने से हुई है, वहीं एक सदस्य ने फांसी लगाई..!

गुजरात के सूरत में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक ही परिवार के सात लोगों ने आत्महत्या की है। परिवार के छह लोगों की मौत जहर खाने से हुई है। वहीं एक सदस्य ने फांसी लगाई है। घटना का कारण आर्थिक संकट को बताया जा रहा है।  

मरने वालों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। घटना सूरत के पालनपुर जकातनाक रोड की है। मृतकों में मनीष सोलंकी, उसकी पत्नी रीता, मनीष के पिता कानू, माता शोभा और तीन बच्चे दिशा, काव्या और कुशल शामिल हैं।  

मनीष का शव पंखे से लटकता मिला है। आशंका है कि मनीष ने अन्य परिजनों को जहर देकर मारा और फिर खुद भी फांसी के फंदे से लटककर जान दे दी। पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट भी बरामद किया है। इसमें मनीष सोलंकी ने आर्थिक संकट की बात कही है।

बताया जा रहा है कि मनीष सोलंकी का फर्नीचर का बिजनेस था और उसके साथ 35 कर्मचारी काम रहे थे। शनिवार को मनीष के साथ काम करने वाले कर्मचारियों ने उनसे संपर्क साधने की कोशिश की लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला तो घर जाकर देखा गया।

स्थानीय लोग दरवाजा तोड़कर घर के अंदर घुसे तो सामूहिक आत्महत्या की घटना का खुलासा हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटना की जांच में जुट गई है।