आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस ने लगातार पांचवीं जीत हासिल कर ली। टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद को 82 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ गुजरात 16 पॉइंट्स के साथ टेबल के टॉप पर पहुंच गई।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टॉस जीतकर हैदराबाद ने बॉलिंग चुनी। गुजरात ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 168 रन बनाए। साई सुदर्शन ने सबसे ज्यादा 61 रन बनाए। वाशिंगटन सुंदर ने 33 गेंदों पर 50 रन की पारी खेली। हैदराबाद से प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन ने 2-2 विकेट लिए। उनके अलावा पैट कमिंस को एक विकेट मिला।
जवाब में हैदराबाद 14.5 ओवर में 86 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम के लिए कप्तान पैट कमिंस ने सबसे ज्यादा 19 रन बनाए। गुजरात के लिए कागिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने 3-3 विकेट लिए। प्रसिद्ध कृष्णा को 2 सफलता मिली।
इस जीत के साथ ही गुजरात ने पॉइंट्स टेबल पर पहला पायदान हासिल कर लिया। टीम के अब 12 मैच में 8 जीत के साथ 16 पॉइंट्स हो गए हैं। हैदराबाद 14 पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर हैं। अब गुजरात का प्लेआफ लगभग तय माना जा रहा है।
प्लेऑफ पर दोनों टीम की निगाह
आईपीएल 2026 का 57वां मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जाएगा। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में मुकाबला शाम 7.30 बजे शुरू होगा। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए अहम है। आरसीबी जीत के साथ प्ले-ऑफ में अपनी जगह पक्की करना चाहेगी, जबकि कोलकाता के लिए टूर्नामेंट में बने रहने के लिए जीत जरूरी है। बेंगलुरु 14 पॉइंट्स के साथ टेबल में टॉप पर है।
दोनों टीमें 36वीं बार आमने-सामने होंगी
दोनों टीमों के बीच अब तक 35 मैच हुए हैं। बेंगलुरु ने 15 और कोलकाता ने 20 मैच जीते हैं। पिछले सीजन दोनों के बीच खेला गया मुकाबला बेंगलुरु ने जीता था। इस सीजन दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने होंगी।
पुराण डेस्क