मंच पर कविता पाठ कर रहे शख्स को आया हार्ट अटैक, मौत वीडियो वायरल


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

कविता पाठ करते समय पंतनगर निवासी कवि सुभाष चतुर्वेदी की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई..!!

उत्तराखंड के पंतनगर से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर के कृषि महाविद्यालय में डॉ. पंतनगर कविता महोत्सव एवं सम्मान समारोह का आयोजन बीबी सिंह प्रेक्षागृह में किया गया। इसी दौरान कविता पाठ करते समय पंतनगर निवासी कवि सुभाष चतुर्वेदी (68) को दिल का दौरा पड़ा। जिसके बाद वे ज़मीन पर गिर पड़े, जिससे उनकी मौत हो गई। सोमवार को मथुरा में गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

आपको बता दें, कि रविवार को भारतीय वीर सैनिकों के सम्मान में राष्ट्रीय आत्मरक्षा अभियान की ओर से आयोजित पंतनगर काव्य महोत्सव के दौरान कवि सुभाष चतुर्वेदी ने कविता सुनाना शुरू किया और कहा कि समय सीमा है, सीमा के प्रहरियों को करना है प्रणाम और समय सीमा में ही सनातन का करना है गुणगान। मंच सजा है, अवसर न छोड़ूंगा। लक्ष्य एक है, हम सब एक हैं.. यह रिश्ता न तोड़ूंगा। कविता की यही पंक्तियां उनकी आखिरी पंक्तियां साबित हुईं।

मंच पर कविता पढ़ते समय उन्हें दिल का दौरा पड़ा। आयोजकों ने उन्हें यूनिवर्सिटी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन उन्हें उनके पैतृक घर लंका किला मथुरा (यूपी) ले गये। 

बचपन से ही धार्मिक स्वभाव के सुभाष चतुर्वेदी 1974 में पंतनगर विश्वविद्यालय में सहायक लेखाकार के पद पर नियुक्त हुए। वर्ष 2014 में वह विश्वविद्यालय से सेवानिवृत्त होकर जवाहर नगर में बस गए और विश्वविद्यालय परिसर में स्टेट बैंक के पीछे सेंटर कैंटीन चलाने में अपने बेटे की मदद करने लगे।

उन्हें कविता पाठ करने का बहुत शौक था, जिसके कारण वे विश्वविद्यालय परिसर और उसके आसपास कवि सम्मेलनों में भाग लेते थे। राम के प्रति उनकी भक्ति ऐसी थी कि वह राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान जेल भी गए और हाल ही में संपन्न प्राण प्रतिष्ठा दिवस पर उन्होंने झा कॉलोनी मंदिर में लड्डू बांटे और भंडारे का आयोजन भी किया।