मध्यप्रदेश में बारिश का दौर एक बार फिर शुरू हो गया है। भोपाल, इंदौर और जबलपुर में बारिश के चलते फिर जनजीवन प्रभावित होने लगा है। जबलपुर और आसपास लगातार हो रही बारिश के चलते बरगी बांध का जलस्तर फिर बढ़ गया और मंगलवार को बांध के 11 गेट खोल दिए गए। जिससे नर्मदा नदी भी उफान पर आ गई।
मौसम विभाग ने सिस्टम के एक्टिव रहने से भोपाल, सागर, जबलपुर और नर्मदापुरम संभाग में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिन तक कुछ जगहों पर भारी बारिश होने के आसार हैं। भोपाल, सागर, जबलपुर और नर्मदापुरम में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है, जबकि ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन संभाग समेत अन्य जिलों में रिमझिम बारिश होगी। 14 सितंबर तक सिस्टम के एक्टिव रहने की उम्मीद है।
बारिश के दूसरे दौर के तहत प्रदेश में भोपाल-इंदौर समेत 20 से ज्यादा जिलों में पानी गिरा। खंडवा में सबसे ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, भोपाल, इंदौर, नरसिंहपुर, पचमढ़ी, दमोह, बैतूल, मंडला, रायसेन, उमरिया, खरगोन, नर्मदापुरम, जबलपुर, रतलाम, छतरपुर, रीवा, उज्जैन, सीधी, छिंदवाड़ा, सागर और राजगढ़ में भी बारिश हुई।