मध्यप्रदेश के अधिकांश इलाकों में 24 घंटे से बारिश का दौर जारी है। भोपाल समेत इंदौर, नर्मदापुरम, रायसेन, पचमढ़ी, छिंदवाड़ा, गुना, उज्जैन और सागर में बारिश का दौर चलता रहा। अगले 24 घंटे में 29 जिलों में भारी बारिश होने का अलर्ट है।
मौसम विभाग के मुताबिक़ इंदौर,जबलपुर, बैतूल, उज्जैन, देवास, छिंदवाड़ा समेत प्रदेश के 29 जिलों में तेज बारिश होने का अनुमान है। बाकी जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। अगले दो दिन पश्चिमी मध्यप्रदेश में तेज बारिश का अनुमान है। इसके बाद सिस्टम पूर्वी मध्यप्रदेश की ओर शिफ्ट होगा।
मौसम विभाग के मुताबिक़ शुक्रवार को 9 घंटे में नर्मदापुरम में 2 इंच के करीब बारिश हो गई। वहीं, इंदौर में 20.2 मिमी, रायसेन में 14 मिमी, पचमढ़ी में 10 मिमी, भोपाल में 8.5 मिमी, छिंदवाड़ा में 8 मिमी, गुना में 6 मिमी बारिश हुई। उज्जैन और सागर में भी हल्की बूंदाबांदी का दौर चलता रहा।
सबसे ज्यादा बारिश वाले पांच जिले सिवनी, छिंदवाड़ा, मंडला, नरसिंहपुर और इंदौर है। वहीं, सबसे कम बारिश वाले पांच जिले रीवा, सतना, टीकमगढ़, सिंगरौली और खंडवा है। सर्वाधिक बारिश सिवनी में 20 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है, जबकि सबसे कम बारिश 5.7 इंच खरगोन में हुई है।