मध्यप्रदेश के तेज बारिश का दौर जारी है। अगले 24 घंटे में उज्जैन, रतलाम समेत 8 जिलों में अति भारी बारिश हो सकती है। भारी बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं और डैम अपनी क्षमता तक भर चुके हैं। बरगी डेम के पांच गेट खोले गए हैं।
प्रदेश में अगले 24 घंटे भी तेज बारिश का दौर रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक भोपाल, इंदौर समेत 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं 28 जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।
प्रदेश में अभी 4 सिस्टम एक्टिव हैं। इनसे पूरे प्रदेश में बारिश का अनुमान है। जबलपुर में बुधवार शाम बरगी डैम के पांच गेट खोले गए। बड़वानी में नर्मदा नदी खतरे के निशान से साढ़े तीन मीटर ऊपर बह रही है।
राजधानी भोपाल में भी लगातार बारिश से बड़े तालाब का जलस्तर बढ़ गया है। मानसून से पहले बड़े तालाब का जलस्तर 1659.50 फ़ीट था और अब यह 1662.00 फ़ीट हो गया है। इस तरह तालाब के जलस्तर में क़रीब ढाई फ़ीट का इज़ाफ़ा हुआ है।