मध्यप्रदेश के अधिकांश शहरों में तेज बारिश का दौर जारी है। प्रदेश की नर्मदा, चंबल, बेतवा, ताप्ती, शिप्रा जैसी बड़ी नदियां उफान पर हैं। लबालब बांधों के गेट खोलने पड़ गए हैं। भोपाल, सीहोर, बैतूल, होशंगाबाद, रायसेन और नर्मदापुरम में बारिश से बिगड़े हालातों के चलते सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी कर दी गई है।
भोपाल में लगातार दूसरे दिन भी तेज बारिश हो रही है। भोपाल के तीनों बांध कलियासोत, भदभदा और कोलार के गेट खोले गए हैं। सोमवार को भदभदा के 11 और कलियासोत के 13 गेट खोल दिए गए थे। राजधानी की अधिकांश मुख्या सड़कों के जलमग्न होने से बाद यातायात अवरुद्ध होने की खबर है। भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया ने सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में मंगलवार 16 अगस्त का अवकाश घोषित किया है।
इधर नर्मदांचल में लगातार बारिश से नर्मदा, तवा सहित अन्य सहायक नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ गया है। नर्मदा खतरे के निशान से एक फीट ऊपर बह रही है। बाढ़ के संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। इटारसी रोड स्थित सुखतवा पुल पर पानी होने से एनएच 69 का यातायात रोक दिया गया है। तवा के दस गेट 12 फीट तक खोले गए हैं। जिले के सभी स्कूलों में मंगलवार का अवकाश घोषित कर दिया गया है।
जबलपुर से लेकर पचमढ़ी, रायसेन, बैतूल और ग्वालियर तक जोरदार बारिश से हालात खराब हैं। जबलपुर में भी नर्मदा पर बने बरगी बांध के गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। सोमवार को रायसेन में जोरदार बारिश के कारण बेगमगंज में बीना नदी के पास पुल धंस गया। इससे तीन दर्जन से ज्यादा गांवों का तहसील मुख्यालय से संपर्क टूट गया है।