Accident News: सड़क हादसे से जुड़ी हुई एक दर्दनाक ख़बर सामने आ रही हैं. दरअसल, मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र की सीमा से 10 किमी दूर पलासनेर में बड़ा सड़क हादसा हो गया. यहां एक अनियंत्रित ट्रोले ने एक मारुति कार, बस, ट्रक, पिकअप और आईसर समेत कई बाइकों को टक्कर मार दी.
इस ज़ोरदार टक्कर के बाद ट्राला रोड किनारे बने ढाबे में जा घुसा. इस भयंकर हादसे में अब तक करीब 9 लोगों की जान चली गई. वहीं, 27 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं. घटनास्थल पर महाराष्ट्र पुलिस बल पहुंच गया है.
राहत बचाव कार्य भी शुरू हो चुका है. वाहनों में दबे घायलों को निकाल कर महाराष्ट्र के अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है. ख़बरों के मुताबिक, ये हादसा आज सुबह करीब 10 बजे धुले मुंबई-आगरा मार्ग पर पलासनेर गांव के पास हुआ.
इस हादसे के पीछे की बड़ी वजह ढलान पर अचानक ट्रक का ब्रेक फेल होना बताया गया हैं. महाराष्ट्र-मध्य प्रदेश की सीमा पर सतपुड़ा पर्वत श्रृंखला के पास एक बड़ी ढलान पर ब्रेक फेल होने के कारण ही ट्रक अनियंत्रित होकर कई वाहनों को टक्कर मरते हुए सीधे ढाबे में जा घुसा.
जानकारी के अनुसार, ट्रक एमपी से महाराष्ट्र की तरफ जा रहा था. मृतकों में 4 पुरुष, 2 महिला, एक छोटी लड़की और दो लड़के हैं. वहीं, घायलों में कुछ स्कूली बच्चे भी हैं. फ़िलहाल, दो अलग-अलग जगहों पर घायलों का इलाज जारी है.