दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन के शहडोल उपमंडल के सिंहपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार की सुबह दो मालगाड़ियों की आपस में टक्कर हो गई। हादसे में दो लोको पायलट की मौत हो गई और 3 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में रेलवे के अन्य कर्मचारी शामिल हैं।
घटना के बाद से रेल यातायात बाधित है। मालगाड़ी के तीन डिब्बे भी पलट गए और उनमें आग लग गई। यह घटना सुबह 7.15 बजे की बताई जा रही है। रेलवे के अधिकारियों ने मालगाड़ियों की टक्कर की तो पुष्टि की है लेकिन घटना किस तरह से हुई यह जांच के बाद ही पता चल सकेगा। रेल यातायात बाधित होने के कारण कटनी और बिलासपुर की ओर से आने जाने वाली ट्रेनों और माल गाड़ियों को रोका गया है। बचाव कार्य चल रहा है, जल्दी ही रेलों की सामान्य रूप से आवाजाही शुरु किए जाने की उम्मीद है।
हादसे के बाद जीएम, डीआरएम, शाखा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। मेडिकल वैन, क्रेन और बचाव दल भी मौके पर पहुंच गए हैं। बता दें कि मालगाड़ी कटनी की तरफ से बिलासपुर आ रही थी, सिग्नल ओवरशूट के कारण मालगाड़ी ने आगे जा रही मालगाड़ी को टक्कर मार दी।