नोरा फतेही और संजय दत्त पर फिल्माए गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ को लेकर देश भर में तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। बढ़ते विरोध के बीच इस गाने को यूट्यूब समेत अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से हटा दिया गया है। विवाद के बाद वकील विनीत जिंदल ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में शिकायत भी दर्ज कराई थी। शिकायत में गाने को अत्यधिक अश्लील और यौन संकेतों से भरा बताया गया।
मामले के तूल पकड़ने पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने भी संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किया। इसके बाद निमार्ताओं ने गाने को तुरंत हटाने का फैसला लिया। गौरतलब है कि गाना रिलीज होते ही विवादों में आ गया था और लगातार इसकी आलोचना हो रही थी। कुछ सेलेब्स और सिंगर्स ने भी इसके कंटेंट पर सवाल उठाए थे।
फिलहाल, गाना हटाए जाने के बाद फिल्म की प्रमोशनल रणनीति पर असर पड़ने की चर्चा है। हालांकि मेकर्स की ओर से इस पूरे विवाद पर अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ये गीत केडी द डेविल फिल्म का है, जिसमें नोरा फतेही और संजय दत्त नजर आए थे।
रिलीज के साथ ही गाने के बोल और विजुअल्स को लेकर विवाद खड़ा हो गया। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इसे वल्गर और अशोभनीय बताते हुए आपत्ति जताई।
केडी: द डेविल एक पैन-इंडिया कन्नड़ एक्शन-क्राइम फिल्म है, जिसमें ध्रुवा सरजा, संजय दत्त, शिल्पा शेट्टी और रेश्मा नानैया मुख्य भूमिकाओं में हैं। 1970 के दशक की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म 30 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
पुराण डेस्क